Public Provident fund या PPF सरकार द्वारा समर्थित सबसे अधिक ब्याज देने वाली बचत योजनाओं में से एक है। यह एक सुरक्षित निवेश विकल्प माना जाता है, जो सेवानिवृत्ति के बाद स्थिर और आकर्षक रिटर्न की गारंटी देता है। इसमें निवेशक न्यूनतम 500 रुपए से निवेश की शुरुआत कर सकता है। अगर निवेशक इसमें नियमित रूप से निवेश करते रहें तो कुछ सालों में अच्छी खासी रकम जमा कर सकते हैं।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि जरूरत पड़ने पर आप PPF खाते से लोन भी ले सकते हैं। ये ऋण बहुत कम ब्याज दरों पर उपलब्ध हैं और इसके लिए अधिक प्रयास की आवश्यकता नहीं होती है। PPF खाते से लोन लेने के सभी फायदे यहां जानें।
कुछ भी गिरवी रखने की जरूरत नहीं
आम तौर पर, जब आप ऋण के लिए आवेदन करते हैं, तो आपको सोना या संपत्ति गिरवी रखनी होती है, लेकिन अगर आप PPF के बदले कर्ज लेते हैं तो कुछ भी गिरवी रखने की जरूरत नहीं है। साथ ही आपकी कमाई का कोई प्रमाण नहीं मांगा जाता है। आप इसे पर्सनल लोन की तरह बड़ी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। यह लोन आपको PPF खाते में जमा राशि के आधार पर मिलता है।
सस्ता ब्याज दर
PPF अकाउंट से लोन लेने का एक फायदा यह भी है कि इसमें ब्याज बहुत कम लगता है। PPF लोन की ब्याज दर PPF खाते की ब्याज दर से केवल 1% अधिक है। यानी अगर आप PPF अकाउंट पर 7.10 ब्याज ले रहे हैं तो आपको लोन लेने पर 8.10 ब्याज देना होगा। हालांकि जब आप इसकी तुलना पर्सनल लोन से करेंगे तो आपको यह ब्याज काफी कम लगेगा।
सुविधानुसार चुकाएं लोन
PPF खाते में जमा राशि के आधार पर आपको PPF लोन मिलता है। ऐसे में रिकवरी एजेंट आपको इसकी रिकवरी के लिए परेशान नहीं करते हैं। साथ ही आपको एकमुश्त राशि का भुगतान कर राशि चुकाने की जरूरत नहीं है। आप अपनी सुविधा के अनुसार 36 किश्तों में भुगतान कर सकते हैं। यानी लोन लेने के बाद आपको उसे चुकाने के लिए पर्याप्त समय दिया जाता है।
लोन की शर्तें
PPF खाता कम से कम एक वित्तीय वर्ष पुराना होना चाहिए, तभी आप लोन के लिए आवेदन कर सकते हैं।
पांच साल पूरे होने के बाद PPF खाते पर लोन की सुविधा नहीं मिलती है क्योंकि इसके बाद आप आंशिक रूप से राशि निकाल सकते हैं।
आप PPF खाते में उपलब्ध राशि का केवल 25% ही लोन के रूप में ले सकते हैं।
लोन चुकाने के लिए आपको ईएमआई की सुविधा मिलती है। लेकिन आपको यह कर्ज 36 किश्तों में चुकाना होगा।
PPF खाते पर आप केवल एक बार ही लोन ले सकते हैं। अगर आपने पिछला कर्ज चुका दिया है तो भी आपको इस खाते पर दोबारा कर्ज की सुविधा नहीं मिलती है।
कैसे करें लोन के लिए अप्लाई
इसके लिए आपको बैंक की उस शाखा में जाना होगा जहां PPF खाता खुला है और फॉर्म भरकर लोन के लिए आवेदन करना होगा। एसबीआई में इसके लिए फॉर्म डी का इस्तेमाल होता है। इसके साथ ही आवेदन में कर्ज की रकम और चुकाने की अवधि भी लिखनी होगी। अगर आपने पहले कोई कर्ज लिया है तो उसका भी जिक्र करना होगा। इसके बाद PPF पासबुक जमा करनी होगी। पूरी प्रक्रिया के बाद करीब एक हफ्ते में लोन क्लियर हो जाता है।